

स्वतन्त्र कलम रतलाम। स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश द्वारा राजगढ़ में आयोजित अंडर-19 राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से रतलाम का बालक जयदीप पांचाल ने शहर का नाम रोशन करते हुए मध्यप्रदेश अंडर-19 खो – खो टीम में जगह बनाई। जयदीप अब मध्यप्रदेश की टीम का हिस्सा बनकर राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली खो-खो प्रतियोगिता में भाग लेगा। चयनित छात्र शहर के श्री जैन विद्या निकेतन विद्यालय में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है। छात्र जयदीप पांचाल का चयन राष्ट्रीय स्तर पर होने से पूरे विद्यालय परिवार ने हर्ष जताया है।
राष्ट्रीय स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता आगामी 12 दिसंबर से 16 दिसंबर तक महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित होगी। प्रतियोगिता की तैयारी हेतु मध्यप्रदेश टीम का प्रशिक्षण केंद्र 05 से 09 दिसंबर तक राजगढ़ में आयोजित होगा। इस पश्चात टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु नासिक रवाना होगी।
